प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 में अनियमितता पर की गई जांच की मांग - रंजीत राज
भोजपुर: नगर पंचायत जगदीशपुर भोजपुर के कार्यपालक पदाधिकारी, मुख्य पार्षद श्री संतोष कुमार यादव एवं सी० एल० टी० सी० कर्मी श्री स्वतंत्र कुमार यादव सहित अन्य के द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना - शहरी 2.0 में की गई व्यापक गड़बड़ी/अनियमितता पर कुल 06 वार्ड पार्षदों के द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी जगदीशपुर,भोजपुर के यहाँ 06 बिंदुओं पर शिकायती आवेदन पत्र दिया गया । जिसमें निम्न बिंदुओं पर अभिलेख के आलोक में जांच कर कार्रवाई करने की मांग की गई...
1. यह कि नगर पंचायत जगदीशपुर के द्वारा उक्त आवास योजना का चयन हेतु क्या मानक तय किया गया था?
2. यह की नगर पंचायत जगदीशपुर के द्वारा किसी वार्ड में 0-01 लाभुक, किसी वार्ड में 03-04 लाभुकों तो किसी वार्ड में 20 से अधिक लाभुकों का चयन किस प्रक्रिया के तहत किया गया?
3. यह कि नगर पंचायत जगदीशपुर अंतर्गत सभी वार्डों में वार्डवार कुल कितने लाभुकों के द्वारा आवास योजना के लाभ लेने हेतु आवेदन भरा गया था?
4. यह कि नगर पंचायत जगदीशपुर अंतर्गत सभी वार्डों में वार्डवार भरे गये कुल आवेदन में से किन-किन कारणों से आवेदन को रद्द किया गया?
5. यह कि नगर पंचायत जगदीशपुर के द्वारा जिन लाभुकों का आवेदन रद्द किया गया तो उस आवेदक को सूचना क्यों नहीं दिया गया कि आपका आवेदन निम्न कारणों से रद्द किया गया है?
6. यह कि नगर पंचायत जगदीशपुर के द्वारा जिन 219 लाभुकों का चयन किया गया है उनका भौतिक जांच किया जाए कि क्या वे आवास योजना लेने योग्य है? तथा आवास योजना लेने हेतु तय मानक को पूर्ण करते हैं?
इस जांच से योग्य लाभुकों का ही होगा फायदा
इस गड़बड़ी पर अभिलेख आधारित नियम सम्मत जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग भी किया गया है। शिकायती आवेदन देने के उपरांत नगर पंचायत जगदीशपुर के पदाधिकारी एवं कर्मी में कि गई गड़बड़ी को लेकर डर सता रहा है! शिकायत के बाद मुख्य पार्षद के द्वारा लाभुकों से कहा जा रहा है कि आप अपने वार्ड पार्षद से अनुशंसा कराकर आवेदन नगर पंचायत कार्यालय जमा करें, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना - शहरी 2.0 में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है। इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी से पूछने पर बताएं कि V.C (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) में मौखिक आदेश मिला है। जिस पर शिकायतकर्ता के द्वारा कहा गया कि आप उक्त मौखिक आदेश के आलोक में एक पत्र निर्गत कर दें तो उन्होंने ऐसा करने से साफ इनकार कर दिया। जिससे प्रतीत होता है कि उनके द्वारा जानबूझकर वार्ड पार्षदों एवं आवेदक को परेशान किया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिन वार्ड पार्षदों ने शिकायती आवेदन पर हस्ताक्षर किए हैं उनके वार्ड के जनता को मुख्य पार्षद एवं अन्य के द्वारा फोन कर के कहा जा रहा है कि आप आगामी आमचुनाव में उनको वोट मत दीजिएगा, मैं आपको आवास का राशि आपके खाता में भिजवा दूंगा। बतादे कि अनुमंडल पदाधिकारी जगदीशपुर से शिकायत पत्र के माध्यम से 06 वार्ड पार्षदों ने अभिलेख आधारित जांच कर दोषियों पर अग्रेत्तर कार्रवाई करते हुए वार्डवार वंचित योग्य लाभुकों को उक्त योजना के अंतर्गत यथाशीघ्र लाभ दिलवाने की मांग की। नगर पंचायत जगदीशपुर भोजपुर के कुल 18 वार्ड पार्षदों में से जिन वार्ड पार्षदों ने शिकायती आवेदन पर हस्ताक्षर किये हैं, वो वार्ड संख्या - 01 के नरगिस खातून, वार्ड संख्या - 02 बजरंगी सिंह, वार्ड संख्या - 04 अन्नपूर्णा देवी, वार्ड संख्या - 06 रंजीत कुमार उर्फ़ रंजीत राज, वार्ड संख्या - 07 श्रीमती सुनीता देवी एवं वार्ड संख्या - 11 श्रीमती गंगाजली देवी है।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें